किसी स्थान को 
पहचानने की तरकीब
समय को निर्धारित करने का तरीका
तकनीक के
घोड़ों पर सवार सभ्यता
और धरती पर मौजूद
अक्षांश और देशांतर रेखाएँ
नेपथ्य में हैं।
हथेलियों पर बना मणिबंध 
उस पर मौजूद 
स्वस्तिक और द्वीप
और ऐसी ही अनेकानेक रेखाएँ
जो बताती हैं
मनुष्य का भाग्य और
भवितव्य भी
नेपथ्य में हैं।
रंग और रेखाओं की
जुगलबंदियाँ
उससे बने बुने चित्र
उसके पीछे की कल्पनाएँ
उन कल्पनाओं का संसार
उस संसार को
प्रत्यक्ष करने वाली
सारी की सारी रेखाएँ
नेपथ्य में हैं।
पद्म पराग
बोलती प्रतिमा
माटी की मूरतें
गेहूँ और गुलाब
अतीत के चलचित्र
पथ के साथी
श्रृंखला की कड़ियाँ
भूले हुए चेहरे
कुछ शब्द कुछ रेखाएँ
हँसते निर्झर, दहकती भट्टी
जाने अनजाने
और इन जैसी सभी
स्मृति की रेखाएँ
नेपथ्य में हैं।
प्रत्यक्ष हैं केवल
हमारे माथे पर 
चिंता की वे रेखाएँ
जिसका विस्तार
बढ़ते संक्रमण के बीच
जारी है निरंतर
और प्रत्यक्ष है
स्वयं के द्वारा खींची गई
लक्ष्मण रेखा
उसकी मर्यादा
जिसमें बंधना अनिवार्य है आज
बाकी सारी की सारी रेखाएँ
नेपथ्य में हैं।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *