नहीं रहे ‘ वादा रहा सनम होंगे जुदा ना हम’ गीत लिखने वाले अनवर सागर :
1992 में अक्षय कुमार की फिल्म आई थी खिलाड़ी। ये फिल्म सुपर हिट रही थी। इसकी लोकप्रियता का आलम यह था कि इसी फिल्म की वजह से अक्षय कुमार को लोग खिलाड़ी कुमार पुकारने लगे। मीडिया में भी अक्षय के लिए यह नाम प्रचलित हो गया था। इस फिल्म की सफलता में इसके हिट गीतों का भी हाथ था। अभिजीत और अलक याज्ञनिक का गाया हुआ गीत ‘ वादा रहा सनम होंगे जुदा ना हम’ खूब चला था। यह गीत अक्षय और आयशा जुल्का पर फिल्माया गया था। यह गीत अनवर सागर नाम के शायर की कलम से निकला था। इस गीत ने अनवर को फिल्म इंडस्ट्री में अलग पहचान दिलाई। इसी फिल्म का एक और गीत ‘होके मन आज मगन, नाचे है छनन- छनन’ को उदित – आशा भोसले व अभिजीत ने गाया था। यह गाना भी हिट हुआ था।
हार्ट अटैक से हुई मौत
वरिष्ठ गीतकार अनवर सागर का बुधवार को निधन हो गया। मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें जब अस्पताल लाया गया, तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। उनकी उम्र 70 वर्ष के आसपास थी।
अस्पतालों का टालने वाला रवैया, समय पर नहीं मिला इलाज
दिवंगत अनवर सागर के बेटे सुल्तान सागर ने बताया कि सुबह तबीयत खराब होने के बाद वे उन्हें लेकर सुजॉय, मॉर्डर्न, क्रिटी केयर जैसे कई अस्पतालों में ले गए।मगर सभी ने जगह नहीं होने की बात कहकर उन्हें इलाज नहीं मुहैया कराया। बाद में उन्हें अंधेरी स्थित कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल ले जाया गया जहां पहुंचते ही धड़कन बंद हो गई और हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई। हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके।दोपहर 12 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
दिल का क्या कसूर के हिट गीत लिखे
1992 में आई फिल्म दिल का क्या कसूर में भी अनवर सागर ने कई अच्छे गीत लिखे थे। कुमार सानू और अलका याग्निक का युगल गीत ‘खता तो जब हो कि हम हाले किसी से कहें, किसी को चाहते रहना, कोई खता तो नहीं’ यह गाना युवाओं का पसंदीदा गीत बन गया था।
इसके साथ ही कुमार सानू का गाया हुआ गाना ‘गा रहा हूं इस महफिल में आपकी मोहब्बत है’ भी खूब चला था। एक और गीत ‘आशिकी में हर आशिक हो जाता है मजबूर’ भी हिट हुआ था। इसे कुमार सानू अनुराधा पौडवाल व साधना सरगम ने गाया था। फिल्म का मधुर संगीत दिया था नदीम – श्रवण की जोड़ी ने।
आशिकी हमने की तुमसे सनम
अनवर सागर ने 1993 में आई फिल्म बेचैन में भी कवयित्री माया गोविंद के साथ मिलकर प्यारे गीत लिखे थे। विनोद राठौर का गाया हुआ गाना’ आशिकी हमने की तुमसे सनम’ खूब चला था। इसके साथ ही कुमार सानू का गाया हुआ ‘मुझको तुमसे प्यार है दिल क्यों बेकरार है भी हिट हुआ था। एक और गाना’ दिल गाने लगा लहराने लगा’ भी चला था। इसे साधना सरगम ने आवाज दी थी। फिल्म का दिलीप सेन व समीर सेन की जोड़ी ने दिया था।
80 और 90 के दशक में लिखे फिल्मी गीत
अनवर ने 80 और 90 के दशक में डेविड धवन की याराना, जैकी श्रॉफ की सपने साजन के, अक्षय कुमार की खिलाड़ी और मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी और अजय देवगन की विजयपथ के लिए गीत लिखे।
अन्य हिट गाने
* यह दुआ है मेरी रब से : सपने साजन के (92) अलका- सानू, नदीम चौहान
* दिल धड़के कुछ कह नहीं पाऊं कहते कहते चुप हो जाऊं : नजर के सामने (95) साधना सरगम-सानू, महेश किशोर
* आज हमें मालूम हुआ क्या चीज मोहब्बत होती है : आ गले लग जा (94) सानू – कविता कृष्णमूर्ति
* दिल की हालत किसको बताए हम भी पागल तुम भी पागल : जनता की अदालत कविता- सानू, बप्पी लहरी * आपको देखकर देख- देख के राज गया यह जान : किशन कन्हैया (90), साधना सरगम -अमित कुमार, राजेश रोशन।
#anwar sagar